home page

नारनौलः अनाज मंडियों में किसानों की सुविधा सर्वोपरिः कैप्टन मनोज कुमार

 | 
नारनौलः अनाज मंडियों में किसानों की सुविधा सर्वोपरिः कैप्टन मनोज कुमार


मुख्य सचिव ने की रबी खरीद व्यवस्थाओं की समीक्षा, किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश

नारनाैल, 07 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने मंगलवार को रबी सीजन के तहत खाद्यान्न खरीद की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। वहीं, जिला महेंद्रगढ़ की ओर से उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिले की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

इस बैठक के बाद अधिकारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार व जिला प्रशासन किसानों को उनकी फसल का उचित दाम और मंडियों में बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया के दौरान आने वाली किसी भी बाधा को तुरंत दूर किया जाए ताकि पीक सीजन में किसानों को मंडियों में इंतजार न करना पड़े। बैठक में मुख्य रूप से गेहूं और सरसों की फसल के लिए मेरी फसल.मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज एरिया वेरिफिकेशन के मिसमैच डेटा की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि इस डेटा का जल्द से जल्द मिलान किया जाए ताकि खरीद और भुगतान प्रक्रिया में कोई देरी न हो। उन्होंने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ की मंडियों में निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले की मंडियों में किसानों को 24 घंटे गेट पास की सुविधा दी जा रही है और निजी खरीद भी नियमों के तहत मंडियों के माध्यम से ही सुनिश्चित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला