नारनौल में मंगलमुखी समाज के प्रधान ने फांसी लगाकर दी जान
नारनाैल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मंगलमुखी किन्नर समाज के प्रधान विनोद सैनी ने मंगलवार रात अपने डेरे पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह डेरे में फंदे से लटके मिले। मृतक ने जान देने से पहले एक वीडियो भी बनाया था। वीडियो में उन्होंने किन्नर समाज के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, विनोद सैनी ने आत्महत्या से पहले बनाया गया वीडियो अपने कुछ परिचितों को भेजा था। वीडियो देखने के बाद परिचित तुरंत डेरे पर पहुंचे। उन्होंने विनोद सैनी को फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गए। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि विनोद सैनी को सामान्य पुरुष होने और शादीशुदा होने के साथ चार बच्चों का पिता होने को लेकर पिछले करीब दो वर्षों से मंगलमुखी किन्नर समाज के कुछ लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा था। इस मुद्दे को लेकर समाज के कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा था। विवाद के चलते जिले में कई बार कहासुनी, झगड़े और विरोध प्रदर्शन भी हो चुके हैं।
मूल रूप से रोहतक के रहने वाले विनोद सैनी पिछले करीब सात वर्षों से नारनौल में मंगलमुखी किन्नर समाज के प्रधान के रूप में कार्यरत थे। उनके द्वारा छोड़े गए वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

