home page

नारनौल में 78 करोड़ का बिजली बिल जांच के बाद घटकर हुआ 954 रुपये

 | 
नारनौल में 78 करोड़ का बिजली बिल जांच के बाद घटकर हुआ 954 रुपये


यूथ कांग्रेस नेता की मां को भेजा गया था करोड़ों का बिलए मामला उठने पर निगम ने किया सुधार

नारनाैल, 05 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल में बिजली निगम की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया, जहां यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुनीत बुलान की मां के नाम 78 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल जारी कर दिया गया। हालांकि मामला उजागर होने के बाद निगम ने अपनी गलती सुधारते हुए बिल को घटाकर मात्र 954 रुपये कर दिया है।

जानकारी के अनुसार गांव हसनपुर निवासी बीमला देवी के नाम दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से 78 करोड़ 92 लाख रुपये का बिल जारी हुआ था। बिल का मैसेज जैसे ही पुनीत बुलान के मोबाइल पर आया, वे हैरान रह गए। इतनी बड़ी राशि देखकर परिवार के साथ-साथ आसपास के लोग भी दंग रह गए।

रविवार को पुनीत बुलान ने बताया कि इस मामले को मीडिया ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद बिजली निगम को तुरंत संज्ञान लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उठाया गया। साथ ही सांसद कुमारी सैलजा ने भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी, जिससे यह मुद्दा और ज्यादा चर्चा में आया। मामला सामने आने के बाद बिजली निगम के अधिकारियों ने बिल की जांच शुरू की। जांच में तकनीकी त्रुटि पाई गई, जिसके चलते इतना भारी-भरकम बिल जनरेट हो गया था। अधिकारियों ने तुरंत बिल को संशोधित किया और नई राशि केवल 954 रुपये निर्धारित की गई। बिल में सुधार होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला