नारनौल के 20 बुजुर्ग श्री नांदेड़ साहिब के लिए रवाना
बुजुर्गों ने सरकार की पारदर्शी व्यवस्था की सराहना की
नारनाैल, 16 मई (हि.स.)। जिले के 20 श्रद्धालु मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत शुक्रवार रात विशेष ट्रेन से पवित्र धार्मिक यात्रा पर रवाना हुए। सभी लाभार्थी दादरी और रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से रात को इस विशेष ट्रेन में सवार हुए। पांच दिवसीय इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु सिखों के प्रमुख आस्था केंद्र श्री नांदेड़ साहिब के दर्शन करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों को यात्रा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देकर रवाना किया गया।
यात्रा पर रवाना हुए बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने बताया कि सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाने की प्रक्रिया बेहद सरल और पारदर्शी रही। उन्होंने कहा कि सभी यात्रियों ने सरल पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, जिसके बाद पात्रता की जांच कर उनका चयन किया गया। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने आधुनिक तकनीक और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से बुजुर्गों को घर बैठे तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान किया है।
श्रद्धालुओं ने बताया कि आर्थिक कारणों से कई बुजुर्ग वर्षों से तीर्थ यात्रा करने में सक्षम नहीं थे, लेकिन मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना ने उनकी यह इच्छा पूरी कर दी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक महत्व तक सीमित नहीं है, बल्कि बुजुर्गों के जीवन में मानसिक शांति, नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार भी करेगी।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों के लिए शुरू की गई है, ताकि वे देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकें और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

