नारनौल: डंपर की टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत
नारनाैल, 15 मई (हि.स.)। जिले में गुरुवार देर रात ड्यूटी के दौरान हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में होमगार्ड जवान अमित कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग और गांव मौलौदी में शोक का माहौल है। मृतक अमित कुमार थाना सदर नारनौल में तैनात थे और रात्रि गश्त पर ड्यूटी कर रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को एसपीओ भीम सिंह और होमगार्ड जवान अमित कुमार सरकारी पीसीआर वाहन में बाईपास 148बी पर गांव भुषण खुर्द क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर पशु चारे (तुड़ा) से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी दिखाई दी। सड़क पर खड़ी ट्रॉली से हादसे की आशंका को देखते हुए दोनों पुलिसकर्मी चालक से बातचीत कर वाहन को साइड में करवाने लगे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गांव सुराना की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा टकराया। हादसे के समय अमित कुमार ट्रैक्टर और डिवाइडर के बीच खड़े थे।
जोरदार टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, गर्दन, मुंह और पेट पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मियों और ट्रैक्टर चालक ने घायल अमित कुमार को सरकारी अस्पताल नारनौल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। थाना सदर नारनौल पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

