home page

नारनाैल: 39 गांवों के लिए 284.18 करोड़ की पेयजल परियोजना को मंजूरी : रणवीर सिंह गंगवा

 | 
नारनाैल: 39 गांवों के लिए 284.18 करोड़ की पेयजल परियोजना को मंजूरी : रणवीर सिंह गंगवा


540 दिनों में पूरा होगा कार्य, नारनौल सीवरेज सुधार पर भी 34.62 करोड़ होंगे खर्च

नारनाैल, 30 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भवन एवं निर्माण मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले के 39 जल-अभावग्रस्त गांवों तथा नांगल चौधरी शहर समूह में स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 284 करोड़ 18 लाख रुपये की वृहद पेयजल संवर्धन योजना को सरकार ने तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। गुरुवार को नारनौल में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

मंत्री ने बताया कि परियोजना को तीन पैकेजों में लागू किया जाएगा। पहले पैकेज का 53 करोड़ 47 लाख रुपये का कार्य आवंटित किया जा चुका है और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। योजना के तहत सिरोही बहाली, मुसनोता और असरावास में तीन नए स्वतंत्र जलघर (वाटर वर्क्स) बनाए जाएंगे। वहीं नांगल दर्गू और नांगल चौधरी (मोहनपुर) के मौजूदा जलघरों तक कच्चा पानी पहुंचाने के लिए नई राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि दूसरे और तीसरे पैकेज की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। दूसरे पैकेज पर 30 करोड़ 69 लाख रुपये तथा तीसरे पैकेज पर 41 करोड़ 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें असरावास जलघर, मुसनोता जलघर और नांगल दर्गू व नांगल चौधरी में दूसरे लिफ्टिंग स्टेशन का निर्माण शामिल है।

रणवीर सिंह गंगवा ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने और निर्धारित 540 दिनों के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नारनौल शहर में सीवरेज व्यवस्था मजबूत करने के लिए 34 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से नई डिस्पोजल प्रणाली और शेष गलियों में नई सीवर लाइन बिछाने की योजना भी तैयार की गई है। यह परियोजना 365 दिनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे शहरवासियों को सीवरेज संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत मिल सकेगी।

इस माैके पर पूर्व चेयरमैन गोबिंद भारद्वाज, महिला आयोग की सदस्य भारती सैनी, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक माैजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला