home page

नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय की डॉ. सुमन रानी को डॉ. राधाकृष्णन पुरस्कार से नवाजा

 | 
नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय की डॉ. सुमन रानी को डॉ. राधाकृष्णन पुरस्कार से नवाजा


शिक्षा, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण व भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला सम्मान

नारनाैल, 07 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के संस्कृत विभाग की सहायक आचार्य एवं स्वामी दयानंद सरस्वती पीठ की पीठाध्यक्ष डॉ. सुमन रानी को शिक्षा, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति के संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 29वें राष्ट्रीय शिक्षक दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

सोमवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने डॉ. सुमन रानी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने उनकी उपलब्धि को विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय बताया। समारोह में हरियाणा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर धुप्पड़ ने भी डॉ. सुमन रानी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे समर्पित कार्यों का प्रतिफल है।

समारोह के दौरान सांसद धर्मवीर सिंह ने भी डॉ. सुमन रानी को सम्मानित करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनके शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।

सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. सुमन रानी ने आयोजक संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल गौरव का विषय नहीं, बल्कि शिक्षा, समाजसेवा, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला