home page

नारनौल में कोर्ट मोड़ के पास मिला व्यक्ति का शव

 | 
नारनौल में कोर्ट मोड़ के पास मिला व्यक्ति का शव


सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला मजदूर, पुलिस जांच में जुटी

नारनाैल, 29 मई (हि.स.)। नारनौल शहर में महेंद्रगढ़ रोड स्थित कोर्ट मोड़ के पास गुरुवार देर शाम एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान नारनौल की इंदिरा कॉलोनी निवासी करीब 60 वर्षीय खुशीराम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम कोर्ट मोड़ के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पहले लोगों ने उसे बीमार या बेहोश समझा, लेकिन काफी देर तक कोई हरकत नहीं होने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति की जांच की, जहां उसे मृत पाया गया।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में उसकी पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी खुशीराम के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि खुशीराम मजदूरी का कार्य करता था और गुरुवार शाम को किसी काम से घर से निकला था। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला