home page

नारनाैल: बसई-आकोदा में दो करोड़ की डी-वॉटरिंग योजना शुरू, जलभराव से मिलेगी राहत

 | 
नारनाैल: बसई-आकोदा में दो करोड़ की डी-वॉटरिंग योजना शुरू, जलभराव से मिलेगी राहत


विधायक कंवर सिंह यादव ने किया शुभारंभ, अपशिष्ट जल निकासी से स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी बेहतर

नारनाैल, 30 जून (हि.स.)। महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसई और आकोदा गांवों में लंबे समय से बनी अपशिष्ट जल की समस्या के समाधान की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विधायक कंवर सिंह यादव ने हरियाणा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की करीब दो करोड़ रुपये की लागत वाली डी-वॉटरिंग योजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना से दोनों गांवों के ग्रामीणों को जलभराव और गंदे पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बसई और आकोदा में अपशिष्ट जल निकासी की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। डी-वॉटरिंग योजना के शुरू होने से अब गंदे पानी की प्रभावी निकासी सुनिश्चित होगी और गांवों में स्वच्छ वातावरण विकसित होगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से जलभराव में कमी आने के साथ-साथ गंदगी, दुर्गंध और जलजनित बीमारियों पर भी प्रभावी नियंत्रण होगा। इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सुधार आएगा और गांवों की स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होगी। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

कार्यकारी अभियंता आशुतोष यादव ने बताया कि डी-वॉटरिंग योजना क्षेत्र में अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके सफल संचालन से बसई और आकोदा गांवों में जल निकासी व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर होगी। कार्यक्रम के दौरान बीडीपीओ मनोज कुमार, बसई सरपंच प्रतिनिधि भगत सिंह, आकोदा सरपंच प्रतिनिधि नरेश कुमार, जिला प्रमुख राकेश कुमार, पाली मंडल अध्यक्ष दीपिका कुमारी, मार्केट कमेटी चेयरमैन भागीरथ, पाली सरपंच देशराज, खुडाना सरपंच प्रतिनिधि नरेश, धोली सरपंच अमित, पूर्व चेयरमैन डालू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला