नारनाैल: गेहूं खरीद ने पकड़ी रफ्तार, 57 फीसदी उठान पूरा
नारनाैल, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले में रबी सीजन के दौरान गेहूं और सरसों की खरीद प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक कुल 13113.27 मीट्रिक टन गेहूं की आवक मंडियों में हो चुकी है, जिसमें से 12841.39 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल पर की जा चुकी है। वहीं सरसों की आवक भी संतोषजनक रही है। कुल 15750.70 मीट्रिक टन सरसों मंडियों में पहुंची, जिसमें से 15695.10 मीट्रिक टन की खरीद व्यापारियों द्वारा की गई है।
सोमवार को उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने अटेली की अनाज मंडी का दौरा कर खरीद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और इसके लिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंडी में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने गेटपास व्यवस्था की भी विस्तार से जानकारी ली और निर्देश दिए कि प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए। मंडी अधिकारियों और संबंधित विभागों के कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने फसल के उठान (लिफ्टिंग) कार्य को और तेज करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों के अनुसार अब तक 7314.65 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया जा चुका है, जो कुल खरीद का लगभग 57 प्रतिशत है। उपायुक्त ने साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित सभी जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर डीएमईओ जगजीत कादियान, चेयरमैन दिनेश जेलदार, वाइस चेयरमैन राधेश्याम गोयल, डीएफएससी सावित्री देवी, डीएम हेफेड प्रवीण भारद्वाज और सचिव दीपक कौशिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

