home page

नारनौल के प्रमुख मार्गों को फोरलेन करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा

 | 
नारनौल के प्रमुख मार्गों को फोरलेन करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा


नारनाैल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। नारनौल शहर सहित जिले के कई अन्य प्रमुख मार्गों को फोरलेन में तब्दील करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। इससे भविष्य में यातायात सुगम होगा।

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने शुक्रवार काे लघु सचिवालय में आयोजित एक पत्रकारवार्ता में विकास कार्यों की प्रगति का विवरण देते हुए बताया कि सरकार द्वारा विभिन्न मदों के अंतर्गत विकास कार्यों के लिए जो बजट प्राप्त हुआ था, जिला प्रशासन ने उसका लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा विकास योजनाओं पर खर्च कर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष कार्यों को भी समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नारनौल स्थित हवाई पट्टी के विस्तार (एक्सटेंशन) की प्रक्रिया भी सुचारू रूप से जारी है।

उन्होंने बताया कि जिला में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड और जिला प्रशासन की फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और हर केंद्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य विजन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि जिला शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला