महेंद्रगढ़ को मिली नई प्रशासनिक कमान, अनुपमा अंजलि ने संभाला उपायुक्त पद
नारनौल, 17 अप्रैल (हि.स.)। वर्ष 2018 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अनुपमा अंजलि ने शुक्रवार को महेंद्रगढ़ जिले के नए उपायुक्त के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। लघु सचिवालय पहुंचने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और जिले में चल रहे प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक के दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम वर्क के साथ कार्य करें, ताकि आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इससे पहले अनुपमा अंजलि फरीदाबाद में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की एडमिनिस्ट्रेटर और अर्बन एस्टेट की एडिशनल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थीं। अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने शहरी विकास और प्रशासनिक सुधारों में अहम भूमिका निभाई।
पदभार संभालते ही किया निरीक्षण, समयबद्धता पर दिया जो
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने लघु सचिवालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आमजन को सुगम और पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

