home page

नारनौलः खेड़ा गांव की बेटी विशेष यादव बनीं लेफ्टिनेंट, क्षेत्र में खुशी की लहर

 | 
नारनौलः खेड़ा गांव की बेटी विशेष यादव बनीं लेफ्टिनेंट, क्षेत्र में खुशी की लहर


ईस्टर्न कमांड कोलकाता में मिली कमिश्निंग, परिवार की तीसरी पीढ़ी ने निभाई देशसेवा की परंपरा

नारनाैल, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव खेड़ा की बेटी विशेष यादव ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और आसपास के इलाके में गर्व और खुशी का माहौल है। विशेष यादव को मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (एमएनएस) के तहत कोलकाता स्थित ईस्टर्न कमांड में कमीशन प्रदान किया गया है। 23 अप्रैल (गुरूवार) को उनकी कमिश्निंग पूरी हुई, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने इस उपलब्धि को उत्साह के साथ मनाया।

विशेष यादव ने 18 दिसंबर 2021 को सेना में जॉइनिंग की थी। इसके बाद उन्होंने चार वर्षों का कठोर, अनुशासित और समर्पित प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। उनकी इस सफलता को उनकी मेहनत, दृढ़ संकल्प और देशसेवा के जज्बे का परिणाम माना जा रहा है। बचपन से ही उनका सपना सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना था, जिसे उन्होंने अपनी लगन और मेहनत से साकार कर दिखाया। उनकी प्रारंभिक शिक्षा महेंद्रगढ़ में ही हुई। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई यदुवंशी शिक्षा निकेतन महेंद्रगढ़ से पूरी की। उनकी इस उपलब्धि पर पिता गजराज सिंह, माता सरदीप कुमारी सहित पूरे परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

विशेष का परिवार भी देशसेवा की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा रहा है। उनके दादा स्वर्गीय गुलजारीलाल आर्टिलरी में रहे थे। चाचा रविंद्र कुमार भी सेना की आर्टिलरी से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके पिता गजराज सिंह आईटीबीपी से रिटायर्ड हैं। उनके भाई जयवीर सिंह भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दादा के बाद अब तीसरी पीढ़ी में विशेष यादव ने लेफ्टिनेंट बनकर इस परंपरा को आगे बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला