नारनौल से मदार के लिए डेली स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू
रोजाना शाम 4:20 बजे नारनौल से होगी रवाना, नौ डिब्बों में मिलेंगी अतिरिक्त सीटें
नारनाैल, 16 अगस्त (हि.स.)। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने मदार-नारनौल-मदार प्रतिदिन स्पेशल रेलसेवा शुरू की है। यह विशेष ट्रेन 15 अगस्त से संचालित हो गई है और 24 सितंबर 2026 तक कुल 41 ट्रिप करेगी। रेलसेवा शुरू होने से नारनौल सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने रविवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09639 मदार-नारनौल प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन 24 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे मदार से रवाना होगी और सुबह 9:15 बजे नारनौल पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09640 नारनौल-मदार प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन शाम 4:20 बजे नारनौल से रवाना होकर रात 10:35 बजे मदार पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष ट्रेन के संचालन से उन यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी, जिन्हें 48 दिनों के लिए बंद की गई अन्य ट्रेनों के कारण आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने इस ट्रेन में पर्याप्त कोच लगाए हैं।
स्पेशल रेलसेवा में सात साधारण श्रेणी के कोच और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल नौ डिब्बे होंगे। इससे यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिल सकेगी और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में किशनगढ़, नरैना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कांवट, भागेगा, नीमकाथाना, मांवड़ा, डाबला और निजामपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। यात्रियों को इन स्टेशनों से आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से समय-सारणी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

