home page

नारनौल में राजस्थान निवासी क्रशर संचालक ने सल्फास खाकर दी जान

 | 

सुसाइड से पहले बनाया वीडियो, ब्याज के दबाव से परेशान होने की कही बात

नारनाैल, 13 मई (हि.स.)। नारनौल में एक क्रशर संचालक द्वारा कार में सल्फास खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने मोटे ब्याज पर लिए गए पैसों और मानसिक तनाव का जिक्र किया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से राजस्थान के सीकर निवासी हरीश शर्मा पिछले कई वर्षों से नारनौल के सेक्टर-एक में रह रहे थे। वह क्रेशर कारोबार से जुड़े हुए थे और कई लोगों के साथ पार्टनरशिप में व्यवसाय चला रहे थे। उनके क्रेशर राजस्थान के नीमकाथाना जिले के गौरीर दूधवा क्षेत्र में भी संचालित बताए जा रहे हैं।

मंगलवार को हरीश शर्मा राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर गांव काठूवास के समीप अपनी कार में पहुंचे और वहीं सल्फास की गोलियां खा लीं। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। आत्महत्या करने से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में उन्होंने बताया कि उन्होंने भारी ब्याज पर पैसे लिए थे और आर्थिक व मानसिक दबाव के कारण परेशान चल रहे थे। वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद हरीश ने उसे अपने बेटे, पत्नी और कुछ परिचितों को भेज दिया। वीडियो देखने के बाद परिजन तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए जयपुर ले जाने लगे। रास्ते में उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए राजस्थान के सीकर ले जाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला