नारनौलः अटेली में विकास को रफ्तार, 12.49 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी
सीएम नायब सैनी की बड़ी सौगात, सड़कों, नालों, पार्क व सामुदायिक भवनों पर होगा फोकस
नारनाैल, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अटेली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 12 करोड़ 49 लाख 68 हजार रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं के जरिए क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस बजट के तहत ब्लॉक कनीना, सीहमा और अटेली के गांवों में सड़क निर्माण, जल निकासी व्यवस्था और सामुदायिक भवनों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना बनाते समय हर गांव की जरूरत का विशेष ध्यान रखा गया है। विभिन्न गांवों में पाइपलाइन बिछाने, पार्क व फुटपाथ निर्माण, नालों की व्यवस्था और इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
गढ़ी रूथल में फिरनी निर्माण, सराय बहादुर नगर में बड़ा सामुदायिक हॉल और ढाणा में पार्क व व्यायामशाला जैसी परियोजनाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा कई गांवों में लाइब्रेरी, जिम, स्टेज, स्कूल ट्रैक और मंदिर परिसरों के विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। जल निकासी सुधारने और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नालों व वेस्ट वॉटर पाइपलाइन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, ग्रामीण संपर्क को बेहतर बनाने के लिए सड़कों और रास्तों का व्यापक जाल बिछाया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है। इन परियोजनाओं के लागू होने से अटेली क्षेत्र के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

