home page

महेंद्रगढ़ में बनेगा गो अभयारण्य, 89 एकड़ जमीन आवंटित

 | 
महेंद्रगढ़ में बनेगा गो अभयारण्य, 89 एकड़ जमीन आवंटित


गोवंश के कारण हादसों पर चिंता, सर्व समाज ने प्रशासन को घेरा, विधायक ने दिया भरोसा

नारनाैल, 14 नवंबर (हि.स.)। महेंद्रगढ़ शहर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश के कारण लगातार हो रहे सड़क हादसों और लोगों की मौत के मामलों को लेकर शुक्रवार देर शाम कमला धर्मशाला में सर्व समाज की बैठक हुई। बैठक में शहरवासियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। विधायक कंवर सिंह यादव और नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि अगले दो महीने में शहर की सड़कों को बेसहारा गोवंश से मुक्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

विधायक कंवर सिंह यादव ने बताया कि गांव भोजावास में गो अभयारण्य बनाने के लिए 89 एकड़ छह कनाल जमीन गो आयोग को दी गई है। इसकी चारदीवारी और अन्य सुविधाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि डेढ़ से दो महीने में चारदीवारी का निर्माण शुरू हो जाएगा। भविष्य में अभयारण्य का रकबा बढ़ाकर 100 से 150 एकड़ तक करने की योजना है। यहां गोवंश के रहने, चारे और पानी की व्यवस्था सरकार की ओर से की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभयारण्य तैयार होने तक नगर पालिका, गोशालाओं और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाया जाएगा। इसके लिए निगरानी कमेटी बनाई जाएगी। पशुओं की पहचान के लिए विशेष डिवाइस भी लगाए जाएंगे, ताकि उन्हें दोबारा सड़कों पर छोड़ने वालों की जवाबदेही तय हो सके। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में लोगों ने बताया कि बेसहारा पशुओं के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। आठ नवंबर को गुलशन शर्मा की सांड की टक्कर से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसके अलावा माधो सैनी, बालाराम तिवाड़ी, रमेश जिंदल, शंकर लाल, नवीन मुद्गिल और सुनील सैनी की मौत के मामले भी उठाए गए। व्यापार मंडल प्रधान सुरेंद्र बंटी ने कहा कि बंदरों, आवारा कुत्तों और बेसहारा पशुओं से आमजन व व्यापारी परेशान हैं। बैठक में दीपक सैनी, राजवीर सोनी, विजय पाल खोरीवाल और अमर सिंह सोनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला