home page

नारनाैल: पेपर लीक से युवाओं का टूटा भरोसा, सरकार पूरी तरह विफल: राव नरेंद्र सिंह

 | 
नारनाैल: पेपर लीक से युवाओं का टूटा भरोसा, सरकार पूरी तरह विफल: राव नरेंद्र सिंह


कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने शिक्षा, रोजगार, कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा

नारनाैल, 23 जून (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों के दौरान करीब 90 पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो बेहद गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है और भविष्य को लेकर उनमें निराशा बढ़ी है। वह मंगलवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भारत युवाओं का देश है, लेकिन वर्तमान समय में सबसे अधिक निराशा भी युवाओं के बीच ही दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के बीच जाकर शिक्षा, रोजगार और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उनका आरोप था कि प्रदेश में सरकारी भर्तियों में बाहरी राज्यों के युवाओं को अवसर दिए जा रहे हैं, जबकि हरियाणा के युवाओं की अनदेखी की जा रही है।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के हालात चिंताजनक हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं तथा शिक्षकों के कई पद अभी भी रिक्त पड़े हैं।

किसानों से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने खेती की लागत बढ़ा दी है। उन्होंने एक बार में 100 लीटर डीजल देने के फैसले पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पार्टी संगठन को लेकर उन्होंने कहा कि 12 वर्ष बाद ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कांग्रेस की बड़ी उपलब्धि है और जल्द ही प्रदेश की जनरल बॉडी की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला