home page

नारनाैल: दिल्ली प्रदर्शन से पहले कांग्रेस नेताओं को घरों में किया नजरबंद

 | 
नारनाैल: दिल्ली प्रदर्शन से पहले कांग्रेस नेताओं को घरों में किया नजरबंद


नारनाैल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए शनिवार को महेंद्रगढ़ जिले के कई कांग्रेसी नेताओं को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया। इनमें कांग्रेस के जिला प्रधान सतबीर झुकिया और कांग्रेस पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पराशर सहित कई नेता शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस की महिला जिला अध्यक्ष डॉ. राजवती के घर भी पुलिस पहुंची, लेकिन उन्हें नजरबंद नहीं किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। जानकारी के अनुसार, दिल्ली में आयोजित आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस ने शनिवार को कांग्रेसी नेताओं के घरों पर पहुंचकर कार्रवाई की। कांग्रेस नेता धीरज शर्मा और सुंदर सोनी को भी सतबीर झुकिया के घर पर नजरबंद किया गया है।

हालांकि, पुलिस की ओर से नेताओं को नजरबंद किए जाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चर्चा बनी हुई है।

कांग्रेस जिला प्रधान सतबीर झुकिया ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। किसी व्यक्ति को आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए उसे घर में नजरबंद करना उचित नहीं है।

झुकिया ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति जताना और अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना नागरिकों का अधिकार है। शांतिपूर्ण आंदोलन इसके लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए की गई इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला