नारनौल पीजी कॉलेज में मिड टर्म परीक्षा के दौरान कक्षा की छत का प्लास्टर गिरा
-छात्रों में हड़कंप, गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ
नारनाैल, 27 मार्च (हि.स.)। नारनौल के पीजी कॉलेज में शुक्रवार को मिड टर्म परीक्षाओं के दौरान एक कक्षा की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे छात्रों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि घटना के समय कक्षा के अंदर कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शी छात्र मयंक ने बताया कि वह बीकॉम का छात्र है और शुक्रवार को उसका सेमेस्टर पेपर था। जब वह परीक्षा देने के लिए निर्धारित कक्ष की ओर गया और कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश करने ही वाला था, तभी अचानक छत का प्लास्टर नीचे गिर पड़ा। इस घटना से वह घबरा गया और तुरंत अन्य छात्रों को इसकी जानकारी दी। घटना के बाद छात्रों में डर का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए परीक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हुई। छात्रों का कहना है कि कॉलेज की इमारत काफी पुरानी हो चुकी है और कई कक्षाओं की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह छत का प्लास्टर उखड़ा हुआ है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि भवन की स्थिति की तुरंत जांच कराई जाए और जर्जर हिस्सों की मरम्मत या नए भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। वहीं इस मामले में कार्यवाहक प्राचार्य हवा सिंह ने कहा कि उन्हें फिलहाल किसी कक्षा में प्लास्टर गिरने की जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच करवाई जाएगी और स्थिति स्पष्ट होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

