home page

नारनौल में अवैध पिस्टल खरीद-बिक्री के मामले में सह-आरोपी गिरफ्तार

 | 
नारनौल में अवैध पिस्टल खरीद-बिक्री के मामले में सह-आरोपी गिरफ्तार


नारनाैल, 15 नवंबर (हि.स.)। सीआईए पुलिस की टीम ने अवैध पिस्टल रखने और उसकी खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में सह-आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए संदीप को भी पुलिस जेल भेज चुकी है।

डीएसपी डॉ. कविता ने रविवार को बताया कि थाना सदर कनीना की टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जिला चरखी दादरी निवासी संदीप को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देसी पिस्टल बरामद हुई।

पुलिस ने संदीप से हथियार का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद थाना सदर कनीना में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

डीएसपी के अनुसार, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हथियार की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों और ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसी कड़ी में धर्मेंद्र को 13 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। 14 नवंबर को पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करवाई और पिस्टल खरीदने तथा सह-आरोपी को बेचने से जुड़े ठिकानों की निशानदेही कराई। पुलिस ने अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई है। वहीं, मुख्य आरोपी संदीप से भी हथियार खरीदने के ठिकाने की निशानदेही करवाई जा चुकी है।

डीएसपी ने बताया कि अदालत के आदेश पर संदीप को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। अब धर्मेंद्र को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में हथियार के स्रोत और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला