home page

महेंद्रगढ़ नगर पालिका में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की छापेमारी, अधिकारी गायब

 | 
महेंद्रगढ़ नगर पालिका में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की छापेमारी, अधिकारी गायब


सचिव समेत चार अधिकारी.कर्मचारी गैरहाजिर मिले, रिपोर्ट शहरी निकाय विभाग पंचकूला भेजी गई

नारनाैल, 03 जून (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में आमजन को नगर पालिका कार्यालय में कार्य करवाने में आ रही परेशानियों और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ते एवं गुप्तचर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह कार्यालय में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर पाए गए, जिसके बाद टीम ने उनकी रिपोर्ट तैयार कर शहरी स्थानीय निकाय विभाग पंचकूला को भेज दी है।

छापेमारी के दौरान सिंचाई विभाग नारनौल के एसडीओ राजेश वर्मा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। जांच के समय नगर पालिका कार्यालय में केवल लिपिक रवि यादव उपस्थित मिले। रवि यादव ने टीम को बताया कि नगर पालिका महेंद्रगढ़ में कुल 17 स्थायी अधिकारी एवं कर्मचारी तथा तीन कर्मचारी एचकेआरएन के माध्यम से कार्यरत हैं।

जांच के दौरान नगर पालिका सचिव प्रशांत परासर, एमई राजेश कुमार, जेई नवदीप तथा लिपिक मनीषा कुमारी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए। टीम द्वारा कार्यालय रिकॉर्ड और उपस्थिति संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई, लेकिन संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की कोई स्वीकृत छुट्टी अथवा कार्यालय से मुक्त होने का रिकॉर्ड नहीं मिला।

मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने इस मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की सिफारिश की है। इसके लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शहरी स्थानीय निकाय विभाग पंचकूला को भेज दी गई है। टीम ने नगर पालिका कार्यालय में उपलब्ध विभिन्न दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और वित्तीय रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे कार्यालयों में कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ेगी और आमजन के कार्य समय पर हो सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला