home page

नारनौल के मोहिनी सिनेमा हॉल में लगी आग, मजदूरों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

 | 
नारनौल के मोहिनी सिनेमा हॉल में लगी आग, मजदूरों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा


संकरी गली बनी चुनौती, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

नारनाैल, 24 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल में नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी के प्रतिष्ठान पुराने सिनेमा हॉल मोहिनी में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग उस समय लगी जब भवन के अंदर मजदूर रिनोवेशन का काम कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि सभी मजदूर समय रहते बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिनेमा हॉल की ऊपरी मंजिल से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। धुआं देखते ही आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन गली संकरी होने के कारण उन्हें अंदर तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए एक दमकल गाड़ी को नगर परिषद की ओर से और दूसरी को रेवाड़ी रोड की तरफ खड़ा किया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने लंबी पाइप लाइन बिछाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया।

संकरी जगह और सीमित पहुंच के कारण आग पर काबू पाने में काफी समय लगा, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। स्थानीय लोगों ने भी दमकल कर्मियों की मदद की और स्थिति को संभालने में सहयोग दिया। आसपास के निवासियों के अनुसार सिनेमा हॉल में पिछले कुछ समय से रिनोवेशन का कार्य चल रहा है और यहां रोजाना मजदूर काम करने आते हैं। घटना के समय भी कई मजदूर अंदर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने घबराहट के बजाय समझदारी दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला