नारनाैल के आईटीआई मैदान में 3500 बच्चों ने बनाई मानव रंगोली
विकसित भारत-2047 के 11 संकल्पों को रंगोली के जरिए किया प्रदर्शित
नारनाैल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। नारनौल के आईटीआई मैदान में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत मानव रंगोली एवं प्राकृतिक रंगोली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रंगों, रचनात्मकता और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का अवलोकन करने के लिए नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव और उपायुक्त अनुपमा अंजली विशेष रूप से पहुंचीं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकसित भारत-2047 के लिए निर्धारित 11 संकल्पों को मुख्य विषय के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान आईटीआई मैदान में करीब 3500 विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से पंक्तिबद्ध होकर मानव रंगोली तैयार की। विद्यार्थियों ने विभिन्न रेखाओं और आकृतियों के माध्यम से इन संकल्पों को जीवंत रूप दिया। मानव रंगोली ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं प्राकृतिक रंगोली में बाजरा, गेहूं, फूल-पत्तियों और विभिन्न प्रकार की दालों का इस्तेमाल किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने स्थानीय कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति लगाव का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं और इनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

