home page

नारनौल में पंच और सरपंच के पदों के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू

 | 
नारनौल में पंच और सरपंच के पदों के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू


मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आगे आएं नागरिक

नारनाैल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न कारणों से रिक्त हुए पदों को भरने के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए जिले में रिक्त पंच और सरपंच के पदों के लिए वार्ड वार मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने मंगलवार को बताया कि महेंद्रगढ़ जिले के विभिन्न खंडों में रिक्त पदों पर उपचुनाव होने हैं। इसमें खंड अटेली नांगल के तहत ग्राम पंचायत फतेहपुर में सरपंच पद के लिए चुनाव होगा। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न गांवों में पंचों के रिक्त पदों के लिए भी मतदान होगा।

इनमें मुख्य रूप से खंड कनीना के गांव छितरोली (वार्ड सात) स्याना का (वार्ड 11), कपुरी (वार्ड दो), धनौंदा (वार्ड चार), भोजावास (वार्ड सात), खंड महेंद्रगढ़ के गांव खुडाना (वार्ड तीन), खंड नांगल चौधरी के गांव इकबालपुर नंगली (वार्ड छह), बुढवाल (वार्ड तीन), खंड नारनौल के गांव थाना (वार्ड सात), खंड निजामपुर के गांव मारोली (वार्ड चार), नापला (वार्ड तीन), खंड सतनाली के गांव ढाणा (वार्ड चार), नंगला (वार्ड चार), ढाणी कुमहारान (वार्ड पांच) शामिल हैं। इन सभी संबंधित गांवों में वार्ड वार मतदाता सूची तैयार करने का कार्य अधिसूचना के अनुसार शुरू कर दिया गया है। इस प्रक्रिया के तहत 19 फरवरी से 28 फरवरी तक विधानसभा मतदाता सूची के आधार पर वार्ड वार ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसका प्रारंभिक प्रकाशन दो मार्च को होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वही व्यक्ति पंचायत मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जिनका नाम संबंधित गांव की विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है। संबंधित गांवों के नागरिक निर्धारित केंद्रों पर जाकर सूची में अपने नाम की जांच कर सकते हैं और किसी भी त्रुटि की स्थिति में दावे व आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला