home page

नारनौल बस स्टैंड पर मिला व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

 | 

झाड़ियों के पास पड़ा मिला शव, बैग से हुई पहचान, हार्ट अटैक से मौत की आशंका

नारनाैल, 14 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल बस स्टैंड पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव हसनपुर निवासी करीब 50 वर्षीय जिले सिंह के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस स्टैंड के बूथ के पास खाली जगह में झाड़ियों के नजदीक एक व्यक्ति काफी देर से पड़ा हुआ दिखाई दिया। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह व्यक्ति बेहोश है, लेकिन जब काफी समय तक कोई हलचल नहीं हुई तो लोगों को संदेह हुआ। व्यक्ति के पास एक बैग भी रखा हुआ था, जिससे अंदाजा लगाया गया कि वह कहीं यात्रा के लिए आया होगा। कर्मचारियों ने बिना देर किए डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उठाकर तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने मृतक के पास रखे बैग की तलाशी ली, जिसमें मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान गांव हसनपुर निवासी करीब 50 वर्षीय जिले सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए,परिजनों ने बताया कि जिले सिंह को पहले से हृदय संबंधी परेशानी थी और संभवतः हार्ट अटैक आने के कारण उसकी मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला