महेंद्रगढ़ में ट्रक से टकराई वाल्वो बस, दो यात्रियों की मौत
मनाली से जयपुर लौट रही बस एनएच-152डी पर हादसे का शिकार, 16 यात्री घायल
नारनाैल, 12 जून (हि.स.)। महेंद्रगढ़ जिले में नेशनल हाईवे-152 डी पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुचावास गांव के निकट मनाली से जयपुर लौट रही एक निजी वाल्वो बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। इनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जयपुर, राजस्थान का एक पर्यटक दल छुट्टियां मनाने के लिए मनाली गया हुआ था। वापसी के दौरान उनकी बस नेशनल हाईवे-152डी से होकर जयपुर लौट रही थी। सुबह बुचावास क्षेत्र के पास बस अचानक आगे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 11 यात्रियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में बहरोड़ (राजस्थान) निवासी 30 वर्षीय सोमबीर तथा 30 वर्षीय दिलसुख की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा परिजनों को सूचना दे दी है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटवाया तथा यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में बस का खड़े ट्रक से टकराना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

