home page

नारनौलः ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान से बदली सोच, बेटियां बना रहीं नई पहचान : कैप्टन मनोज कुमार

 | 
नारनौलः ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान से बदली सोच, बेटियां बना रहीं नई पहचान : कैप्टन मनोज कुमार


खेड़ी गांव को मिला सर्वश्रेष्ठ गांव पुरस्कार, 1306 लिंगानुपात के साथ बनी मिसाल, मेधावी छात्राओं को नकद सम्मान

नारनाैल, 24 मार्च (हि.स.)। जिले में आयोजित ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत सर्वश्रेष्ठ गांव पुरस्कार समारोह में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि सरकारी योजनाओं के प्रभाव से अब समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

उपायुक्त कैप्टन मनाेज कुमार मंगलवार को स्थानीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम काे संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लिंगानुपात में सुधार के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले गांव खेड़ी को वर्ष 2025 के लिए जिले में प्रथम स्थान पर चुने जाने पर सम्मानित किया। गांव खेड़ी ने 1306 का प्रभावशाली लिंगानुपात हासिल कर अन्य गांवों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। समारोह के दौरान उपायुक्त ने गांव की तीन मेधावी छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दसवीं कक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने वाली खुशी को 75 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रही कृतिका को 45 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली लक्की को 30 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान केवल बेटियों की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि गांव स्तर पर जागरूकता फैलाने वाली पूरी टीम की सामूहिक कोशिशों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

इस अवसर पर बेहतर कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग और पंचायत से जुड़े कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। सीएचसी सेहलंग की एसएमओ डॉ प्रभा यादव, सरपंच पंकज, बीएसी इंद्रजीत, एएनएम सुदेश कुमारी सहित आशा कार्यकर्ता लाली, मंजू, सुमन देवी, शशि बाला और पूनम को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ अशोक कुमार, डीडीपीओ प्रमोद कुमार, उप सिविल सर्जन डॉ हर्ष चौहान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप, प्रवीण व प्रदीप कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला