home page

नारनौल में खंड स्तर पर ‘सर्वोत्तम माता’ प्रतियोगिता आयोजित, निधि रही प्रथम

 | 
नारनौल में खंड स्तर पर ‘सर्वोत्तम माता’ प्रतियोगिता आयोजित, निधि रही प्रथम


महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल, माताओं को जागरूक करने पर जोर

नारनाैल, 19 मार्च (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से खंड स्तर पर ‘सर्वोत्तम माता’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को बच्चों के बेहतर पालन-पोषण, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।

प्रतियोगिता में जोरासी गांव की निधि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं फैजाबाद की अंतिम ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि गोद गांव की पूनम बाई तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया और उनके प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान परियोजना अधिकारी राधा यादव ने गुरुवार को महिलाओं को विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर परिवार को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने माताओं को बच्चों के संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण और स्वच्छता के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया। साथ ही यह भी कहा कि एक जागरूक मां ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव रखती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं, जिन्होंने प्रतियोगिता के साथ-साथ जागरूकता सत्र से भी लाभ उठाया। विभाग ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त और जागरूक बनाने का संकल्प दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला