नारनौल में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई
बाजारों में पॉलीथिन इस्तेमाल पर शिकंजा, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
नारनाैल, 18 मार्च (हि.स.)। नारनौल में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दुकानदारों के चालान काटे। इसी कड़ी में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एक टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में औचक छापेमारी भी की।
यह कार्रवाई जेईई योगेश कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें टीम ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान की। छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग पाया गया, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदारों के चालान काटे गए।
अभियान के दौरान बुधवार को दो चालान काटे गए और प्रत्येक पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर क्षेत्रीय अधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इसके दुष्प्रभावों को देखते हुए सरकार द्वारा इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष बैनर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से आम जनता को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले गंभीर पर्यावरणीय नुकसान और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्लास्टिक के उपयोग से बचें और कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करें, ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

