नारनाैल: एएसआई रामकिशन यादव का 45 वर्ष की उम्र में निधन
नारनाैल, 27 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा पुलिस में तैनात एएसआई रामकिशन यादव का शुक्रवार को 45 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे महेंद्रगढ़ जिले के सिसोठ गांव के निवासी थे और बहादुरगढ़ थाने में कार्यरत थे। उनके निधन की सूचना मिलने पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार को पैतृक गांव सिसोठ में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार रामकिशन यादव पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार को उनका निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, गांव के लोगों और परिचितों ने भी उनके निधन पर शोक जताया।
उनके अंतिम संस्कार में हरियाणा पुलिस की टीम विशेष रूप से पहुंची। एएसआई जगत सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस टीम ने शस्त्र झुकाकर उन्हें सलामी दी। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ अपने साथी को अंतिम विदाई दी। इस दौरान इंस्पेक्टर कृपाल सिंह भी मौजूद रहे।
अंतिम संस्कार में गांव के सरपंच बीरेन्द्र कुमार, मास्टर नित्यानंद सिसोठिया, एडवोकेट सुरेश कुमार, पूर्व पंच सुभाष चंद, कृष्ण चेयरमैन, सूबेदार सतबीर सिंह और लालचंद पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और अन्य लोग शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

