नारनौलः सांस्कृतिक विरासत को सहेजना समाज का सामूहिक दायित्वः अनुपमा अंजली
अभिलेख दान अभियान में नागरिकों से सहयोग की अपील
नारनाैल, 25 मई (हि.स.)। महेंद्रगढ़ जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय के समन्वय से शुरू किए गए ज्ञान भारतम मिशन को गति दी जा रही है। सोमवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह मिशन राज्य और जिले के गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित करने में मील का पत्थर साबित होगा।
उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की कि वे अपनी आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से जोड़ने और सदियों पुरानी बौद्धिक धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए आगे आएं।
उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण महेंद्रगढ़ जिले में इस अभियान को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। जिले के प्राचीन मंदिरों, मठों, पारंपरिक पाठशालाओं और निजी संग्रहों में सुरक्षित सांस्कृतिक विरासत की खोज के लिए जिला स्तरीय कमेटियों का गठन किया गया है। ये कमेटियां सरकारी पुस्तकालयों के अलावा निजी संस्थानों और धार्मिक स्थलों में रखी प्राचीन पांडुलिपियों, ताड़-पत्रों और दुर्लभ अभिलेखों का भौतिक सत्यापन करेंगी। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक की मदद से इन दस्तावेजों की जियो-टैगिंग भी की जाएगी, ताकि उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो सके और भविष्य में शोध कार्यों के लिए उपयोग किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

