home page

नारनाैल में मंदिर से प्राचीन प्रतिमा गायब, छह पर केस दर्ज

 | 
नारनाैल में मंदिर से प्राचीन प्रतिमा गायब, छह पर केस दर्ज


ट्रस्ट उपाध्यक्ष की शिकायत पर निजामपुर पुलिस ने शुरू की जांच

नारनाैल, 03 सितंबर (हि.स.)। जिले के निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव ब्राह्मणवास नौ स्थित प्रसिद्ध बाबा रामेश्वरदास मंदिर से समाधि पर स्थापित प्राचीन आदमकद प्रतिमा हटाने का मामला सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता की गुरुवार काे शिकायत पर निजामपुर थाना पुलिस ने ट्रस्ट के प्रधान समेत छह नामजद व्यक्तियों और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने प्रतिमा हटाने के पीछे षड्यंत्र का आरोप लगाया है।

ओमप्रकाश गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि बाबा रामेश्वरदास ट्रस्ट की तीन अगस्त 2026 को बैठक हुई थी। बैठक में अधिकांश ट्रस्टियों ने मंदिर में स्थापित प्राचीन प्रतिमा को बदलने का विरोध किया था। इसके बावजूद दाे सितंबर को कथित तौर पर षड्यंत्र के तहत बाबा रामेश्वरदास की आदमकद प्रतिमा को समाधि स्थल से हटाकर ले जाया गया। आरोप है कि यह कार्रवाई श्रद्धालुओं और ट्रस्ट के अन्य सदस्यों की सहमति के बिना की गई। पुलिस के अनुसार प्रतिमा हटाए जाने की सूचना मिलने पर एसआई विजेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मंदिर परिसर में पहुंचे। मौके पर बाबा रामेश्वरदास की समाधि पर स्थापित प्राचीन आदमकद प्रतिमा गायब मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रस्ट उपाध्यक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

शिकायत में जयपुर निवासी ट्रस्ट प्रधान सुरेश केडिया, दिल्ली निवासी सागरमल शर्मा, पालम निवासी हनुमान भारद्वाज, खरखड़ा-पाटन निवासी हरदयान, बसई निवासी नरेंद्र जांगड़ा और नांगलिया निवासी नाथजोगी सहित अन्य लोगों पर प्रतिमा हटाने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब मामले में नामजद आरोपियों से पूछताछ के साथ प्रतिमा को हटाए जाने के कारणों और उसे कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी जुटा रही है। मामले को लेकर मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं में भी नाराजगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला