home page

महेंद्रगढ़ में संदिग्ध एमडीएमए के साथ आरोपी गिरफ्तार

 | 
महेंद्रगढ़ में संदिग्ध एमडीएमए के साथ आरोपी गिरफ्तार


नारनाैल, 02 नवंबर (हि.स.)। महेंद्रगढ़ पुलिस की सीआईए टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को संदिग्ध एमडीएमए और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 24.63 ग्राम संदिग्ध एमडीएमए बरामद किया है। इस मामले में थाना निजामपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि एक नवंबर को सीआईए टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विद्या भारती स्कूल के पास एक व्यक्ति स्कूटी पर संदिग्ध एमडीएमए लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान गांव निजामपुर निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 24.63 ग्राम संदिग्ध एमडीएमए बरामद हुआ।

पुलिस ने बरामद पदार्थ और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना निजामपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। आरोपी से बरामद संदिग्ध नशीले पदार्थ के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास यह पदार्थ कहां से आया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस की ओर से नशा तस्करी और नशीले पदार्थों की बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला