home page

नारनाैल: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीणों ने लगाया जाम

 | 
नारनाैल: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीणों ने लगाया जाम


चेलावास महिला हत्या मामले में शव सड़क पर रख किया प्रदर्शन, प्रशासन के आश्वासन पर खुला रास्ता

नारनाैल, 06 जून (हि.स.)। जिले के कनीना क्षेत्र के गांव चेलावास में महिला की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने महेंद्रगढ़-कनीना रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

गांव चेलावास निवासी करीब 52 वर्षीय ओमपती की गुरुवार रात कथित रूप से जमीन विवाद के चलते हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किए जाने के कारण उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।

शनिवार को महिला का शव लेकर परिजन और ग्रामीण महेंद्रगढ़-कनीना मार्ग स्थित उन्हाणी मोड़ पर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जाम की सूचना मिलते ही दोनों थानों के एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखीं और हत्या के आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग दोहराई।

काफी देर तक चली वार्ता के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दो घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण जाम समाप्त करने पर सहमत हो गए। करीब एक घंटे बाद यातायात दोबारा सुचारु हो सका। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला