नारनौल में चिट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार, केस दर्ज
मिश्रवाड़ा में मकान पर दबिश देकर सीआईए टीम ने नशीला पदार्थ किया बरामद
नारनाैल, 11 सितंबर (हि.स.)। नारनौल में सीआईए टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 13 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी तनुज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से नशीला पदार्थ, मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना शहर नारनौल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने शुक्रवार को बताया कि सीआईए नारनौल की टीम को आरोपी के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर मोहल्ला मिश्रवाड़ा स्थित तनुज के मकान पर दबिश दी गई। टीम जब आरोपी के मकान के पास पहुंची तो तनुज छत पर बैठा हुआ दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर पूछताछ की।
इसके बाद नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 ग्राम अवैध नशीला पदार्थ चिट्टा (हेरोइन), एक मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि आरोपी तनुज पहले भी थाना शहर नारनौल में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित था। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके साथ ही आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी खरीद-फरोख्त में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इस संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

