नारनौलः सतनाली कॉलेज में शुरू होंगी एमए हिंदी और पॉलिटिकल साइंस की कक्षाएं
एबीवीपी की मांग पर सरकार ने दी मंजूरी, छात्रों में खुशी
नारनाैल, 10 मई (हि.स.)। महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली स्थित राजकीय महाविद्यालय में अब एमए हिंदी और एमए पॉलिटिकल साइंस की कक्षाएं शुरू होंगी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा विद्यार्थियों के हित में उठाई गई मांग को सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
इस संबंध में एबीवीपी ने पहले शिक्षा मंत्री के नाम महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर दोनों विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने की मांग की थी। लंबे समय से छात्र-छात्राएं कॉलेज में पीजी कोर्स शुरू करने की मांग कर रहे थे, ताकि उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
रविवार को एबीवीपी नगर अध्यक्ष डॉ विपिन कुमार और नगर मंत्री सचिन कुमार ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एमए हिंदी और एमए पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा, क्योंकि अब उन्हें बाहर जाकर पढ़ाई पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह मांग पूरी हो सकी। परिषद की ओर से राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुधीर लांबा का भी विशेष धन्यवाद किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुधीर लांबा ने कहा कि कॉलेज में पीजी कक्षाएं शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का स्तर भी मजबूत होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

