नारनौल में घर से 18 वर्षीय किशोरी लापता, पुलिस तलाश में जुटी
नारनौल, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव बास काटी से 18 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद किशोरी की बुआ ने पुलिस को शिकायत देकर उसे तलाश करने की गुहार लगाई। अटेली थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि गांव बास काटी निवासी किशोरी की बुआ ने शिकायत में बताया कि किशोरी बचपन से उनके पास रह रही थी। उसने 12वीं कक्षा पास करने के बाद आगे की पढ़ाई नहीं की और घर पर ही रह रही थी। शिकायत के अनुसार, तीन नवंबर की रात किशोरी घर पर सो रही थी। चार नवंबर की सुबह जब परिजन उठे तो वह घर पर नहीं मिली। पहले उन्होंने घर और आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की। इसके बाद रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर भी पता किया, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं लगा।परिजनों ने शिकायत में बताया कि किशोरी घर में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल फोन का प्रयोग करती थी, लेकिन घर से जाते समय वह मोबाइल फोन भी अपने साथ लेकर नहीं गई। ऐसे में परिजनों को उसके अचानक लापता होने की चिंता सता रही है।काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और किशोरी को जल्द तलाश करने की मांग की। शिकायत के आधार पर अटेली थाना पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम किशोरी की तलाश में संभावित स्थानों पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

