हिसार : बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही पड़ी भारी, नौ स्कूल बसों के चालान
उकलाना में 18 बसों की जांच, कई वाहनों में कैमरे समेत जरूरी सुरक्षा मानक
नहीं मिले
हिसार, 10 सितंबर (हि.स.)। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती
बढ़ा दी है। उकलाना क्षेत्र में गुरुवार काे चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान यातायात पुलिस
ने 18 स्कूल बसों की जांच की। इनमें से नाै बसों में सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षा
मानक पूरे नहीं पाए गए। नियमों की पालना नहीं मिलने पर यातायात पुलिस ने सभी नौ बसों
के चालान किए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत यातायात
प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान ने गुरुवार काे उकलाना क्षेत्र में स्कूल बसों की सघन जांच की। जांच
के दौरान बसों में बच्चों की सुरक्षा के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं को देखा गया। इस
दौरान नौ बसों में कैमरे तथा अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों की कमी सामने आई। इसके बाद
पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए चालान किए।
पुलिस का कहना है कि स्कूल बसों में सुरक्षा नियम केवल कागजों तक सीमित नहीं
रहने चाहिए, बल्कि धरातल पर भी इनकी पूरी पालना होनी जरूरी है। बच्चों को स्कूल लाने-ले
जाने वाले वाहनों में निर्धारित सुरक्षा उपकरण और व्यवस्थाएं उपलब्ध होना अनिवार्य
है। इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के
मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्कूल संचालकों और
बस संचालकों को अपने वाहनों में सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों की पूरी पालना
सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और जांच के दौरान नियमों
की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

