home page

हरियाणा: 22 जून को कैबिनेट बैठक में नई ट्रांसफर पॉलिसी को मंजूरी संभव

 | 
हरियाणा: 22 जून को कैबिनेट बैठक में नई ट्रांसफर पॉलिसी को मंजूरी संभव


-हसला प्रतिनिधिमंडल ने की निदेशक से बैठकचंडीगढ़, 15 जून (हि.स.)। प्रदेशभर के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। ट्रांसफर का इंतजार कर रहे शिक्षकों को 22 जून को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि मंत्रिमंडल की मंजूरी की मुहर लगते ही तबादले का शेड्यूल जारी होगा।

शिक्षकों की मांगों को लेकर हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के राज्य प्रधान सतपाल सिंधु के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को शिक्षा विभाग के निदेशक जितेंद्र दहिया से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान निदेशक ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक प्रगति की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए। बैठक में निदेशक जितेंद्र दहिया ने बताया कि नई शिक्षक स्थानांतरण नीति को 22 जून को कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के तुरंत बाद तबादलों का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए पीजीटी से प्रिंसिपल पदोन्नति (आरओएच) के मामले में निदेशक ने संबंधित फाइल को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ उसी दिन प्रधान सचिव को अग्रेषित करने के निर्देश दिए। वहीं मेवात क्षेत्र के पीजीटी से प्रिंसिपल पदोन्नति संबंधी फाइल पर भी तेजी दिखाते हुए इसे अगले दिन से शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीसीएल फाइलों को उपायुक्त (डीसी) के माध्यम से भेजने संबंधी पत्र को वापस लेने का मुद्दा भी उठाया गया। निदेशक ने बताया कि इस संबंध में फाइल मूव कर दी गई है और जल्द ही आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे।

वर्ष 2016 से अब तक की वरिष्ठता सूची तैयार करने के लिए गठित समिति को भी निदेशक ने मंजूरी प्रदान कर दी है। समिति को तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जा सके।

इसके अलावा डीआईईटी संस्थानों में पिछले दो वर्षों से लंबित टीए/डीए भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। निदेशक ने टीए/डीए को वेतन की तर्ज पर नियमित रूप से वितरित करने के प्रस्ताव को अनुमति के लिए वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में राज्य वित्त सचिव पवन मोर, राज्य सचिव संदीप खोखर तथा मेवात जिला प्रधान विक्रम राणा भी उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा