नूंह: 27 सितंबर को हरियाणा की नई राजनीति का उदय होगा: आदित्य देवीलाल चौटाला
नूंह, 24 सितंबर (हि.स.)। जननायक एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की 131वीं जयंती को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से मेवात की धरती पर 27 सितंबर को आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डबवाली विधानसभा क्षेत्र से विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान आदित्य देवीलाल चौटाला ने कहा कि मेवात की इस पावन धरा पर पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की 131वीं जयंती इनेलो परिवार द्वारा मनाई जा रही है। समारोह में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर करीब 75 एकड़ भूमि में लोगों के बैठने के लिए विशाल टेंट लगाया गया है। इसमें ढाई लाख से तीन लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि समारोह में आने वाली भीड़ को देखते हुए उन्हें लगता है कि 27 सितंबर को यह स्थान भी छोटा पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग जननायक चौधरी देवीलाल को श्रद्धांजलि देने और समारोह में शामिल होने के लिए मेवात पहुंचेंगे।
आदित्य चौटाला ने कहा कि उनकी उम्र 49 वर्ष हो चुकी है, लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी में इतना बड़ा पंडाल न तो कभी देखा है और न ही उन्हें लगता है कि इससे बड़ा पंडाल कहीं लगा होगा। उन्होंने कहा कि जिस स्तर पर समारोह की तैयारियां की गई हैं, उससे साफ है कि 27 सितंबर का आयोजन ऐतिहासिक होने जा रहा है। इनेलो विधायक ने कहा कि 27 सितंबर का दिन हरियाणा प्रदेश की जनता के लिए किसी पर्व से कम नहीं होगा। पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल के जन्मदिन के अवसर पर पूरे प्रदेश से लोग मेवात पहुंचेंगे।
रैली स्थल को अपनी जमीन देने वाले किसान जैकम खान ने कहा कि उनके लिए सौभाग्य की बात है कि पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी दवीलाल के जन्मदिन के लिए उनकी जमीन को चुना गया उन्होंने कहा कि उनके लिए यह एक गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर हरियाणा के इतिहास को बदलने का दिन होगा और इसी दिन हरियाणा की नई राजनीति का उदय होगा। समारोह को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य तेजी से चल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

