पानीपत: शिक्षा विभाग ने लिया अहम फैसला प्रवक्ताओं से वापस ली डीडीओ की शक्तियां
पानीपत, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा ने पानीपत जिले के सरकारी स्कूलों की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
नए आदेश के अनुसार, जिन स्कूलों में प्रधानाचार्य के पद खाली हैं और वहां प्रवक्ताओं को डीडीओ नियुक्त किया गया था, उनके अधिकार तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। शिक्षा निदेशालय के द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिक्त पद होने की स्थिति में अब प्रवक्ता वित्तीय शक्तियों का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। अब इन शक्तियों को वापस लेकर नजदीकी स्कूलों के नियमित प्रधानाचार्यों को सौंपा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन स्कूलों में प्रवक्ताओं के पास डीडीओ की पावर थी, उन्हें तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। ऐसे स्कूलों की वित्तीय शक्तियां पास के किसी अन्य विद्यालय के नियमित प्रधानाचार्य को देने का प्रस्ताव जल्द से जल्द मुख्यालय भेजा जाए ताकि शिक्षकों के वेतन और स्कूल के अन्य जरूरी कार्यों में कोई रुकावट न आ पाए।
नए आदेश की प्रतियां माध्यमिक शिक्षा निदेशक पंचकूला, खजाना अधिकारी, और जिले के सभी संबंधित स्कूलों के मुखियाओं को भेज दी गई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेशों में स्पष्ट कहा है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

