हिसार : लुवास में अधिकारियों को नए प्रशासनिक दायित्व सौंपे गए
हिसार, 01 अप्रैल (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु
चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने
विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिकारियों को अतिरिक्त प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंपने के
आदेश जारी किए हैं। यह दायित्व पूर्व में कार्यरत अधिकारियों कुलसचिव डॉ. एसएस ढाका,
अनुसंधान निदेशक डॉ. नरेश जिंदल तथा पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं स्नातकोत्तर
अधिष्ठाता डॉ. मनोज रोज की निर्धारित कार्यावधि पूर्ण होने के उपरांत सौंपे गए हैं।
कुलसचिव कार्यालय की ओर से बुधवार काे जारी आदेश के अनुसार,
डॉ. राम नजर चौधरी को कुलसचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। डॉ. राजेश खुराना
को पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता का दायित्व, डॉ. सुशीला मान को अनुसंधान
निदेशक का अतिरिक्त चार्ज व डॉ. सुखदीप वोहरा को स्नातकोत्तर अधिष्ठाता की जिम्मेदारी
सौंपी गई है। इन अधिकारियों को यह जिम्मेदारियां उनके वर्तमान कार्यों के साथ-साथ सौंपी
गई हैं।
कुलपति सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान कुलपति
प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने नव-नियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय
की प्रगति में प्रशासनिक दक्षता और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने
आशा व्यक्त की कि सभी अधिकारी अपने अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से संस्थान को नई
ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। साथ ही उन्होंने सभी से पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और समर्पण
के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

