हिसार : जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : रणबीर गंगवा
जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण ही सुशासन
की पहचान, प्रदेशवासियों की सेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
हिसार, 31 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के लोक निर्माण
एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार काे विभिन्न क्षेत्रों से
आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, सुझाव और जनहित से जुड़े मुद्दे सुने। उन्होंने
अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी, प्रभावी
और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री ने शुक्रवार काे अधिकारियों को दो टूक कहा कि
जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने
कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार
चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभाग जवाबदेही के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य
करें। रणबीर गंगवा ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित
निस्तारण ही सुशासन की वास्तविक पहचान है और राज्य सरकार इसी सोच के साथ कार्य कर रही
है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान तथा सरकार की
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति
में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उन्होंने
कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं
को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र
के विकास और जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा
तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों
ने अपनी समस्याएं और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। रणबीर गंगवा ने संबंधित अधिकारियों
को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अधिकांश मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने तथा
शेष मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

