home page

नीट यूजी में ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल करने वाले पंशुल बंसल बोले- असफलता से सीखकर मिली सफलता

 | 
नीट यूजी में ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल करने वाले पंशुल बंसल बोले- असफलता से सीखकर मिली सफलता


फरीदाबाद, 17 जुलाई (हि.स.)। नीट यूजी-2026 में ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल करने वाले फरीदाबाद के पंशुल बंसल ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया है। उनका कहना है कि बचपन से डॉक्टर बनने का सपना था और अब वह एम्स, नई दिल्ली से एमबीबीएस कर न्यूरोसर्जरी या कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करना चाहते हैं।पंशुल बंसल ने बातचीत के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित समर फील्ड स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की है। परीक्षा के लिए उन्होंने कोई अलग से तैयारी नही की थी। वह रोजाना नियमित रूप से सुबह, दोपहर और रात को निर्धारित रूप से पढ़ाई करते थे। इस तरह वह 12 से 13 घंटे पढ़ाई करते आ रहे है। यही उनकी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है। उन्होंने कहा कि पहले वाली नीट यूजी परीक्षा में बहुत उम्मीद थी। लेकिन तनाव के कारण अच्छा नहीं कर पाया था और 696 ही नंबर आ रहे थे। तब घर आकर मैंने फिर से पढ़ाई शुरू की और मॉक टेस्ट मानकर चलने लगा। लेकिन किस्मत से री-नीट ने मुझे टॉपर बना दिया। उन्होंने बताया कि वह दूसरी बार एग्जाम में बिना तनाव और बिना उम्मीद के बैठा था और सफलता मिली, लेकिन पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द हो गई। जिसके बाद उन्होंने इससे निराश होने की जगह पर इसको अवसर के रूप में देखा और पहले वाली परीक्षा में हुई गलतियों से सबक लेकर उन्हें सुधारा और उसका ही परिणाम है कि उनका रैंक -2 आया है। उन्होंने इस परीक्षा में कामयाबी का श्रेय अपने पूरे परिवार को दिया है। नीट की तैयारी के दौरान सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर पंशुल ने कहा कि उन्होंने किसी से दूरी नहीं बनाई। हर तीन महीने में टेस्ट के बाद दोस्तों के साथ घूमने जाता था। खाली समय में एनिमेशन कार्टून और यूट्यूब देखता था। दोस्तों के साथ पार्टी भी करता था। पंशुल ने यह भी बताया है कि उन्होंने कभी किसी एआई टूल का इस्तेमाल नहीं किया। जो भी विषय कठिन लगता था, उसे अपने शिक्षकों से पूछता था और किताबों से भी समझता था। पंशुल ने 10वीं और 12वीं दोनों बोर्ड परीक्षाओं में 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इतना ही नहीं उन्होंने जेईई मेन 2026 भी दिया था, जिसमें 99.5 प्रतिशत प्राप्त किए। हालांकि उनका लक्ष्य शुरू से मेडिकल था, इसलिए उन्होंने नीट में पूरी ताकत लगा दी। पंशुल को म्यूजिक का शौक है। माइंड रिलेक्स करने के लिए वे अकसर इसका सहारा लेते थे। उन्हें पियानो बजाने का शौक है और उन्होंने इस क्षेत्र में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं पास की हैं। उन्होंने रॉक स्कूल से ग्रेड-4 और ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ लंदन से ग्रेड-2 का प्रमाणपत्र प्राप्त किया है। गौरतलब है कि सेक्टर-21सी के रहने वाले स्टूडेंट पंशुल बंसल ने नीट यूजी की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक -2 हासिल की है। उनको 720 में से 715 नंबर हासिल किए है। दिल्ली-एनसीआर में वह पहले टॉपर बने है जिसने ये कामयाबी हासिल की है। पंशुल की मॉ एक बड़े समाचार संस्थान में कंपनी सचिव के पद पर काम करती है। जबकि उनके पिता संजीव कुमार बंसल उद्योगपति है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर