home page

हरियाणा में 65 हजार 300 विद्यार्थी देंगे नीट की परीक्षा

 | 
हरियाणा में 65 हजार 300 विद्यार्थी देंगे नीट की परीक्षा


मुख्यमंत्री ने वीसी से तैयारियों का लिया जायजा

चंडीगढ़, 24 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा की।

मुख्यमंत्री सैनी ने ने निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही, 26 अप्रैल को हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित एचसीएस एवं संबद्ध सेवाओं की परीक्षा के लिए भी पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। प्रदेशभर में नीट (यूजी) परीक्षा के लिए 175 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 65,300 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के निकट अभिभावकों के ठहरने और पार्किंग की समुचित व्यवस्था हो। यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को समय पर केंद्र तक पहुंचने में बाधा न आए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा जिला स्तर पर भी कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति परीक्षार्थियों को भ्रमित न कर सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी, बिजली, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्य करते रहें तथा यातायात प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि नीट (यूजी) परीक्षा 3 मई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, जिसके बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।

परीक्षार्थियों की सुविधा के दृष्टिगत एनटीए के विशेष प्रबंध

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में जुड़े नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था को दोगुना किया गया है तथा पुरुष और महिला परीक्षार्थियों के लिए अलग-अलग जांच काउंटर स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों पर एक सुरक्षा जांच काउंटर तथा 48 परीक्षार्थियों पर एक बायोमेट्रिक उपकरण लगाया जाएगा। 30 अप्रैल तक सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर एवं अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा