home page

आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार से पंजाब का हर वर्ग दुखी:नायब सिंह सैनी

 | 
आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार से पंजाब का हर वर्ग दुखी:नायब सिंह सैनी


-हरियाणा के मुख्यमंत्री ने की भगवंत मान के गृह जिले संगरूर में जनसभा

-पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा की तरह लागू होंगी योजनाएं

चंडीगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद हरियाणा की तर्ज पर महिला, किसान, मजदूर, युवा सहित सभी वर्गों के हितों की योजनाएं लागू की जाएगी। आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और पंजाब को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया है। ऐसी व्यवस्था से तंग आकर अधिकारी भी अपनी जान देने पर मजबूर हैं, जोकि निंदनीय है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के लहरागागा के गांव बनारसी में युवा नेता राकेश सिंह गिल द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस जनसभा में राकेश सिंह गिल ने अपने समर्थकों सहित मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब का यह इलाका अपनी अनाज मंडियों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध था। यह वह भूमि है जिसने हमेशा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई है, लेकिन आज बड़े दु:ख के साथ कहना पड़ता है कि जिस धरती ने पंजाब को आर्थिक मजबूती दी, आज वहीं सरकार की अनदेखी के कारण अपनी पहचान खो रही है। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती हैं, लेकिन जो सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों को भूलकर केवल विज्ञापनों की चमक में खो जाए, उसे सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

मुख्यमंत्री ने लहरागागा की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, टूटी गलियों और बंद होते उद्योग की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने बदलाव का नारा देकर इस क्षेत्र को केवल अंधेरे में धकेला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने दावा किया था कि मोहल्ला क्लिनिक खोलकर क्रांति लाएंगे, लेकिन सच यह है कि आज भी गंभीर बीमारी की स्थिति में यहां के लोगों को पटियाला, लुधियाना या हरियाणा के अस्पतालों में जाना पड़ता है।

सबसे चिंताजनक विषय पंजाब की युवा शक्ति का नशे की चपेट में आने का है। पंजाब में बदहाल कानून व्यवस्था के कारण निवेश नहीं आ रहा, जिसके चलते लगातार पंजाब पिछड़ता जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के तहत पांच किश्तों में साढ़े आठ सौ करोड़ रुपये दस लाख बहनों को दिया जा चुका है। आज हरियाणा में 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है, जिसका भुगतान 48 घंटे में किसानों को किया जा रहा है। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने किसानों को सपने दिखाए थे, लेकिन पंजाब का किसान आज ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

पंजाब की आम आदमी सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए केवल केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है।

जिसमें आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजदूरों के हितों में कदम उठाने की बजाय, विधानसभा में 30 सिंतबर को यहां की सरकार प्रस्ताव लेकर आई, जिसमें न कोई आंकड़ा था न कोई तथ्य थे और न ही कोई सुझाव। यह सरासर मजदूरों के हितों पर कुठाराघात था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा