home page

कूड़ेदान में जाती थीं कांग्रेस की घोषणाएं, भाजपा निभा रही हर वादा: नायब सैनी

 | 
कूड़ेदान में जाती थीं कांग्रेस की घोषणाएं, भाजपा निभा रही हर वादा: नायब सैनी


चंडीगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में की गई घोषणाएं ‘कुड़ेदान’ में चली जाती थी, लेकिन इसके विपरीत, वर्ष 2014 से अब तक भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार ने हर संकल्प को पूरा करने की दिशा में ठोस कार्य किए है। वर्तमान सरकार घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने का काम कर रही है।

सैनी मंगलवार को भिवानी के तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसीलाल और स्व. चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ड्रिप इरिगेशन पर सिंचाई विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गांव सांगवान निवासी पर्वतारोही प्रवीण को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तोशाम की यह धरती परिश्रम, त्याग और खेती-किसानी की समृद्ध परंपरा की साक्षी रही है। उन्होंने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसी लाल और स्व. चौधरी सुरेंद्र सिंह को याद करते हुए हरियाणा के लिए किये गये कार्यो का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हरियाणा के बनने के समय ही विकास की नई इबारत लिखी थी। वे तोशाम-लोहारू के बालू रेत के टीलों पर लहलहाती फसल देखना चाहते थे।

सैनी ने कहा कि हम जो कहते हैं, उसे करते भी हैं। इसका प्रमाण यह है कि हमने पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 60 वादों को डेढ़ साल में ही पूरा कर दिखाया है। यही नहीं, 157 वादों पर काम प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नॉनस्टॉप डबल इंजन सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को जमीन पर उतारकर दिखाया है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि तोशाम हलके के विकास को गति देने के लिए वर्तमान सरकार के साढ़े 11 वर्षों के कार्यकाल में 283 मुख्यमंत्री घोषणा हुईं। इनमें से 258 का काम पूरा हो चुका है तथा शेष पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि आज अगर हरियाणा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, तो इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दूरदर्शी मार्गदर्शन है। 'विकसित भारत 2047' का जो संकल्प प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों के सामने रखा है, वह केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। यह ऐसा संकल्प है, जिसमें देश का हर नागरिक भागीदार है। हम सब मिलकर 'विकसित हरियाणा' के माध्यम से 'विकसित भारत' के सपने को साकार करेंगे।

पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तेल-गैस की उपलब्धता पर कहा कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के 4,032 पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी कुछ दिन पहले बैठक ली है। उन्होंने जनता को आश्वासत करते हुए कहा कि किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने देंगे। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा