home page

सिरसा: मेडिकल स्टोर संचालक के घर से नशीली गोलियों का जखीरा पकड़ा

 | 
सिरसा: मेडिकल स्टोर संचालक के घर से नशीली गोलियों का जखीरा पकड़ा


सिरसा, 08 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने मेडिकल नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए लाखों रुपये की नशीली प्रतिबंधित गोलियों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस तथा औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर गांव संतनगर में एक मकान में छापेमार कार्रवाई कर मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बुधवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी लवप्रीत सिंह गांव संतनगर में मेडिकल स्टोर संचालित करता है और मेडिकल की आड़ में अपने घर से युवाओं को नशीली दवाइयों की सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर सीआईए ऐलनाबाद और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने उसके घर प्रताप नगर में दबिश देकर घर की तलाशी ली तो भारी मात्रा में नशीली गोलियां और कैप्सूल की खेप बरारमद हुई।

एसपी ने बताया कि बरामद दवाइयों सहित आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया गया है। मामले में संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाता था और किन लोगों तक इनकी आपूर्ति करता था। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि जिले में नशा तस्करों और अवैध रूप से नशीली दवाइयों का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

इसके अलावा पुलिस ने जिले के गांव जमाल क्षेत्र से एक युवक को सैकड़ों प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सिरसा जिला निवासी संजय के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma