कैथल: जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर करें काम: एडीसी सुशील कुमार
कैथल, 02 मई (हि.स.)। जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। एडीसी सुशील कुमार ने स्पष्ट कहा कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शनिवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने पुलिस व संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चिन्हित स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और पुराने व परित्यक्त भवनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो बिना डर प्रशासन को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। एडीसी ने नगर परिषद व नगर पालिकाओं को पुराने भवनों की सूची तैयार कर उन पर नजर रखने को कहा। वहीं, जिला ड्रग कंट्रोलर को मेडिकल स्टोर्स की सख्त जांच करने, बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाइयों की बिक्री रोकने और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस की उपस्थिति भी अनिवार्य करने को कहा गया। बैठक में डीएसपी सुशील प्रकाश ने पुलिस विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की। एडीसी ने जिला न्यायवादी को नशे से जुड़े मामलों की प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
इस दौरान जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, सीएमओ डॉ. रेणु चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

